Manipur Bomb Attack: घटना देर रात करीब एक बजे हुई. मोइरांग ट्रोंग्लाओबी में उग्रवादियों ने एक घर में बम से हमला किया. विस्फोट में 5 साल के बच्चे और 6 महीने की बच्ची की मौत हो गई. जब घर पर बस से हमला किया गया, उस समय मां और दो बच्चे सो रहे थे. मोइरांग ट्रोंग्लाओबी, चुराचांदपुर के पहाड़ी क्षेत्रों के पास है. 2023 और 2024 में जातीय संघर्ष के चरम पर होने के दौरान यहां लगातार गोलीबारी की घटनाएं हुई थीं.
गुस्साए लोगों ने तेल के टैंकरों में लगाई आग
बम हमले में दो बच्चों की मौत के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने हिंसक प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान गुस्साए लोगों ने तेल से भरे तीन टैंकरों में आग लगा दी, जिससे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 अप्रैल की सुबह कुकी उग्रवादियों की ओर से गोलीबारी शुरू हुई, जो रात 10:30 बजे के बाद और अधिक तीव्र हो गई। देर रात स्थिति और बिगड़ गई, जब सिनाकैथी गांव की दिशा में 20 से अधिक बम फेंके गए।
विधायक ने की हमले की निंदा
भाजपा के स्थानीय विधायक टी. एच. शांति सिंह ने ट्रोंग्लाओबी आवांग लेकाई में हुए इस निर्दयी हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे “कुकी नार्को-आतंकवादियों” की करतूत बताते हुए कहा कि यह जघन्य कृत्य आतंकवाद से कम नहीं है। विधायक ने कहा, “ऐसे अमानवीय कृत्यों का हमारे समाज में कोई स्थान नहीं है और इसकी कड़े शब्दों में निंदा होनी चाहिए।” उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए जान गंवाने वाले दोनों बच्चों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इलाके में पुलिस तैनात
बता दें कि निचले इलाके में स्थित मोइरांग ट्रोंग्लाओबी, चुराचांदपुर के पहाड़ी क्षेत्रों के पास है और 2023 व 2024 में जातीय संघर्ष के चरम पर होने के दौरान यहां लगातार गोलीबारी की घटनाएं हुई थीं। एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को त्रोंग्लाओबी के पास के इलाके से एक विस्फोटक उपकरण भी बरामद किया गया है।
इसे भी पढ़ें:-Gold Price Today: सोने की कीमत में आई गिरावट, चांदी के भाव स्थिर, जानिए आज का ताजा रेट