Ballia: जिले में बनने जा रहे मेडिकल कालेज की सारी औपचारिकताएं लगभग पूरी हो गई है। इसके भवन व अन्य निर्माण कार्यों के लेआउट को अंतिम रूप देने के लिए जिले में पहुंची तकनीकी टीम ने गुरुवार को गहन परीक्षण किया। मेडिकल कालेज के प्राचार्य धनंजय सिंह ने अधिशासी अभियंता हेमंत कुमार व सीएमएस डा.सुजीत कुमार यादव आदि के साथ मेडिकल कालेज के लिए प्रस्तावित स्थल जेल परिसर व जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने मेडिकल कालेज के लिए बनने वाले भवन के नक्शे को अंतिम रूप दिया। प्राचार्य धनंजय सिंह ने कहा कि मेडिकल कालेज का मुख्य भवन दस मंजिला होगा। इसमें पार्किंग आदि के लिए दो अंडरग्राउंड भी बनेगा। सबसे उपरी मंजिल पर आडोटोरियम रहेगा। कहा कि मेडिकल कालेज कुल दो सौ बेड का रहेगा, जिसमें 20 आईसीयू की व्यवस्था रहेगी। इसमें आठ माड्यूलर ओपीडी के साथ अन्य सभी विभागों की ओपीडी रहेगी। माड्यूलर ओपीडी में जांच आदि से संबंधित उपकरण भी रहेंगे, जिससे मरीजों के छोटे-मोटे परीक्षण व जांच आदि वहीं किए जा सकेंगे। कालेज में सभी गंभीर रोगों के लिए अलग-अलग भवन रहेंगे। मेडिकल कालेज में सभी तरह की आधुनिक चिकित्सकीय व्यवस्था रहेगी। कहा कि मेडिकल कालेज के निर्माण में जो भी छोटी-मोटी तकनीकी बाधाएं थीं वो सब खत्म हो गई है। इसकी सभी प्रक्रियाएं लगभग पूरी हो गई है। मेडिकल कालेज के वित्तीय स्वीकृति की फाइल शासन में गई है और एकाध दिन में इसका शासनादेश जारी हो जाएगा। कहा कि सबकुछ ठीक रहा तो परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से वार्ता कर इस महीने के अंत तक इसका शिलान्यास भी करा दिया जाएगा। इस दौरान धर्मेंद्र सिंह, भाजपा के जिला मंत्री अरुण सिंह बंटू, हर्ष सिंह, पप्पू पांडेय आदि मौजूद रहे।