Delhi: राजधानी में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब अलग-अलग इलाकों के 4 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली. सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और सभी स्थानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया.
सुबह करीब आठ बजे से साढ़े नौ बजे के बीच दिल्ली कैंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल, मयूर विहार का सलवान पब्लिक स्कूल, जनकपुरी का मीरा पब्लिक स्कूल, बल्लीमारान स्थित राबिया गर्ल्स स्कूल और बरामखंबा रोड स्थित स्टेट्समैन हाउस में एक्सिस बैंक को धमकी भरे संदेश मिले.
छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
एहतियात के तौर पर सभी छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है. सुरक्षाकर्मी कक्षाओं, गलियारों और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच कर रहे हैं. अब तक किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना नहीं है.
अभिभावकों को भेजा गया संदेश
सरदार पटेल विद्यालय ने अभिभावकों को भेजे संदेश में कहा कि स्कूल को सुरक्षा संबंधी धमकी मिली थी, जिसके बाद आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए. संदेश में स्पष्ट किया गया कि सभी छात्र सुरक्षित हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. अग्निशमन विभाग को अब तक दो स्कूलों से फोन कॉल प्राप्त हुए हैं. अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी और स्थिति पर सतर्क निगरानी जारी है.
इसे भी पढ़ें:-दिल्ली वालों के लिए होली का तोहफा, महिलाओं को मिलेगा मुफ्त सिलेंडर, खाते में आएंगे इतने रुपये