UP News: उत्तर प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों की होली रंगों से भरी होगी. सीएम योगी आदित्यनाथ ने उनकी होली को खुशनुमा बनाने के लिए पहले ही वेतन और पेंशन जारी करने का आदेश दिया है. प्रदेश के सभी कर्मचारियों और पेंशनरों का वेतन और पेंशन 28 फरवरी को ही जारी कर दिया जाएगा. वित्त विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि होली की छुटि्टयों को देखते हुए वेतन-पेंशन जारी करने की प्रक्रिया को फरवरी माह के आखिरी दिन पूरा कर लिया जाए.
वित्त विभाग ने जारी किया शासनादेश
वित्त विभाग की तरफ से आदेश में कहा गया है कि रविवार (1 मार्च) को छुट्टी होने की वजह से और 2 मार्च को होलिका दहन की वजह से सैलरी का भुगतान नहीं किया जा सकता था. इसलिए राज्य की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की मंजूरी के बाद यह फैसला लिया गया है.
शासन की तरफ से इस आदेश का पालन करने के लिए राज्य के सभी जिलों के अधिकारियों को सभी विभागों में तैनात कर्मचारियों को शनिवार (28 फरवरी) तक वेतन देने के लिए निर्देशित किया गया है. साथ ही आदेश का पालन करने के लिए सख्त हिदायत दी गई है.
शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश
स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय से 2 मार्च से पहले वेतन देने का आदेश दिया गया है. यह आदेश उत्तर प्रदेश स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी की तरफ से जारी किया गया है. आदेश में कहा गया है कि सोमवार (2 मार्च) को होलिका दहन और बुधवार (4 मार्च) को होली का त्यौहार है.
त्यौहारों के मद्देनजर सभी निदेशालयों के अधिकारियों और वित्त विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया जाता है कि सभी प्रकार के अधिकारियों को 2 मार्च को होलिका दहन से पहले ही वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए.
इसे भी पढ़ें:-सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 2 माओवादी ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद