दिल्ली में बीजेपी सरकार का कार्यकाल एक साल पूरा, सीएम रेखा गुप्ता ने मंदिर में टेका मत्था

Delhi: दिल्ली में रेखा गुप्ता की अगुआई वाली बीजेपी सरकार ने अपना एक साल पूरा कर लिया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर मरघट वाले हनुमान मंदिर में दर्शन कर मारुतिनंदन का आशीर्वाद प्राप्त किया. इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रभु से यही प्रार्थना है कि वे हमें सेवा के इस अविचल पथ पर और अधिक समर्पण, विनम्रता तथा जनकल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की सतत् शक्ति प्रदान करें.

सीएम रेखा गुप्ता ने ट्वीट कर दी बधाई

सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए बधाई दी है. उन्होने अपने पोस्ट में लिखा है कि हमारी सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर शुक्रवार (20 फरवरी) को मरघट वाले हनुमान मंदिर में दर्शन कर मारुतिनंदन का आशीर्वाद प्राप्त किया. 

उन्होंने आगे लिखा कि प्रभु से यही प्रार्थना है कि वे हमें सेवा के इस अविचल पथ पर और अधिक समर्पण, विनम्रता तथा जनकल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान करें. सभी दिल्लीवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो, यही मंगलकामना करती हूं.

27 साल बाद राजधानी की सत्ता बीजेपी के हाथों में

रेखा गुप्ता ने एक साल पहले 20 फरवरी 2025 को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी. चुनाव से पहले बीजेपी ने दिल्ली की जनता से कई वादे किए थे, जिन पर यकीन करते हुए दिल्ली के लोगों ने अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया था और 27 साल बाद देश की राजधानी की सत्ता बीजेपी को सौंप दी थी. यहां हम उन वादों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें दिल्ली सरकार पूरा कर चुकी है और जिन वादों पर अभी काम होना बाकी है.

क्या थे बीजेपी के प्रमुख वादे
  • महिला समृद्धि योजना के तहत गरीब परिवारों की महिलाओं को ₹2,500 प्रति माह, गर्भवती महिलाओं को ₹21,000 अनुदान और 6 न्यूट्रिशन किट्स, 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर और त्योहारों पर एक सिलेंडर फ्री.
  • आयुष्मान भारत योजना लागू करना (₹5-10 लाख तक कवर), वरिष्ठ नागरिकों को विशेष स्वास्थ्य कवर, आयुष्मान आरोग्य मंदिर (क्लीनिक) खोलना.
  • जरूरतमंद छात्रों को सरकारी संस्थानों में पीजी तक फ्री शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए ₹15,000 वन-टाइम सहायता, भीमराव अंबेडकर स्टाइपेंड स्कीम (SC छात्रों को ₹1,000/माह).
  • यमुना सफाई और किनारों का विकास, गाजीपुर/ओखला/भलस्वा लैंडफिल साइट्स हटाना (बायो-माइनिंग से), दिल्ली क्लीन एयर मिशन (AQI आधा करना 2030 तक), 500 किमी अनपेव्ड रोड पेव करना, रोड स्वीपिंग/वॉटर स्प्रिंकलिंग मशीनें, EV/हाइब्रिड वाहनों को बढ़ावा, 50% वाहन ट्रांजिशन का लक्ष्य.
  • अटल कैंटीन (₹5 में भोजन), सीनियर सिटीजन पेंशन बढ़ाना (₹2,000 से ₹2,500), ऑटो/टैक्सी ड्राइवरों के लिए वेलफेयर बोर्ड और लाइफ कवर, फ्री बिजली (200-300 यूनिट तक), घरों में साफ पानी (जल जीवन मिशन), 3.5 लाख गरीब परिवारों को घर, EV चार्जिंग पॉइंट्स, नए पार्क/ग्रीन बेल्ट्स, वेस्ट मैनेजमेंट सुधार (वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट्स).
इन वादों पर हुआ काम
  • आयुष्मान भारत योजना लागू कर दी गई है. इसके तहत ₹5 लाख कवर और टॉप-अप मिलता है. आब तक 7 लाख से ज्यादा कार्ड जारी किए जा चुके हैं और आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले गए हैं.
  • अटल कैंटीन कई जगहों पर  शुरू हो गई हैं. यहां ₹5 में पौष्टिक भोजन मिल रहा है. गरीब/मजदूरों को इसका फायदा हो रहा है.
  • 400-600 किमी सड़कों का सुधार/रिपेयर शुरू हो चुका है. इसके लिए ₹800 करोड़ से ज्यादा का फंड जारी किया जा चुका है. 500 से ज्यादा इलेक्ट्रिक बसें चलाई जा रही हैं और नई बस सेवाएं भी शुरू की गई हैं.
  • बजट में दिल्ली सरकार ने महिलाओं के हित और स्वास्थ्य पर फोकस किया है. इसके लिए एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का बजट आवंटित किया गया है. इससे पार्क रिडेवलपमेंट, फाउंटेन आदि का काम शुरू किया गया है.
  • कचरे का उचित निस्तारण करने के लिए कुछ मोबाइल ऐप/रियल-टाइम कंप्लेंट सॉल्यूशन शुरू कर दिया गया है. इसके लिए एमसीडी के साथ कोऑर्डिनेशन बढ़ा है.
इन वादों पर काम बाकी
  • महिला समृद्धि योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने का वादा किया गया था. इसके लिए बजट में 5100 करोड़  आवंटित किए गए हैं, लेकिन अभी योजना का क्रियान्वन शुरू नहीं हुआ है. महिलाओं की पात्रता का पैमाना और जरूरी डेटाबेस बनाने में समय लग रहा है. सीएम रेखा गुप्ता ने प्रतिबद्धता जताई है कि वह यह योजना शुरू करेंगी. हालांकि, उन्होंने कोई समयसीमा नहीं तय की है.
  • बीजेपी ने 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर देने और त्योहार के समय एक फ्री सिलेंडर देने का वादा किया था. इसकी प्लानिंग पूरी हो चुकी है. इसे डीबीटी से भी जोड़ दिया गया है. हालांकि, योजना पूरी तरह से रोलआउट होनी बाकी है.
  • यमुना की सफाई को लेकर भी दिल्ली सरकार लगातार काम कर रही है. इस नदी पर जल्द ही क्रूज सेवा भी शुरू होने वाली है, लेकिन सरकार की मेहनत का असर दिखने में समय है. सरकार ने 2026 के अंत तक यमुना को साफ करन का लक्ष्य रखा है.
  • दिल्ली से कूड़े के पहाड़ खत्म करने का वादा पूरा करने के लिए सरकार ने बायो-माइनिंग तेज कर दी है, लेकिन गाजीपुर/ओखला/भलस्वा का कूड़ा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. इसके लिए भी 2026 अंत तक लक्ष्य रखा गया है.
  • दिल्ली की हवा साफ करने का भी वादा किया गया था, लेकिन इस साल भी ठंड के मौसम में दिल्ली की हवा लगातार जहरीली बनी रही. अभी भी हालात बहुत बेहतर नहीं हैं. इसके लिए सड़कों की सफाई से लेकर ईवी पॉलिसी तक बनाई जा रही हैं, लेकिन इनका असर दिखने में भी समय लगेगा.
  • जरूरतमंद बच्चों को केजी से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन तक फ्री पढ़ाई कराने के वादे पर भी पूरी तरह से काम नहीं हुआ है. पॉलिसी पर काम शुरू हो चुका है. हालांकि, फुल रोलआउट बाकी है.
  • वरिष्ठ नागरिक पेंशन बढ़ाने का वादा भी कुछ हद तक पूरा हुआ है, लेकिन सभी जरूरतमंदों तक इस योजना का लाभ नहीं पहुंचा है.
  • दिल्ली सरकार ने ईवी को बढ़ावा देने के लिए चार्जिंग स्टेशन लगाना शुरू कर दिया है, लेकिन लक्ष्य से अभी भी 50 फीसदी दूर है.

इसे भी पढ़ें:-दिल्ली से मेरठ तक दौड़ेगी नमो भारत हाईस्पीड ट्रेन, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *