Delhi: दिल्ली-एनसीआर में लगातार स्कूलों को धमकी मिलने की सिलसिला जारी है. आज यानी की 13 फरवरी को दिल्ली के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. धमकी के बारे में पहला कॉल सुबह 9:13 बजे झंडेवालान में BD तमिल एजुकेशन को किया गया. इसके अलावा एसपीवी स्कूल और ब्रिटिश स्कूल का नाम शामिल बताया जा रहा है. धमकी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है.
धमकी की मिली सूचना
जानकारी के मुताबिक सबसे पहली कॉल सुबह करीब 9:13 बजे झंडेवालान स्थित बीडी तमिल एजुकेशन स्कूल को मिली. कॉल में स्कूल परिसर में बम होने की धमकी दी गई. इसके बाद अन्य कुछ स्कूलों को भी इसी तरह के संदेश मिलने की सूचना सामने आई. धमकी मिलते ही स्कूल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर तत्काल सभी छात्रों व स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
स्कूलों में की गई गहन तलाशी
कई जगहों पर अभिभावकों को भी सूचना देकर बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया. स्कूलों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई. साथ ही आसपास के इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है. पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने भी स्कूल परिसरों की गहन जांच शुरू की. स्कूल की बिल्डिंग में कक्षाओं, पार्किंग क्षेत्रों और आसपास के इलाकों की बारीकी से तलाशी ली.
अन्य राज्यों में भी स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली थी धमकी
हाल ही में दिल्ली ही नहीं अन्य राज्यों में भी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली हैं. राजस्थान में जयपुर के मानसरोवर इलाके में मॉडर्न विद्यालय को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला था. इसके साथ ही पंजाब के मोहाली में 16 निजी विद्यालयों को भी बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल आया था, जिसके बाद विद्यालयों को खाली कराना पड़ा. हालांकि जांच के बाद किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई. वहीं पटना दीवानी अदालत को पिछले तीन दिन में बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है, लेकिन जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिलता है.
इसे भी पढ़ें:-महाशिवरात्रि पर विधि-विधान से करें पूजा, भक्तगणों की पूरी होगी मनोकामनाएं, जानें पूजा का शुभ मुहूर्त और विधि