Ballia: परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने नगर स्थित भृगु मंदिर से सटे प्राचीन श्रीराम जानकी मंदिर (वनवासी भगवान) के सुंदरीकरण कार्य का शिलान्यास किया। परिवहन मंत्री ने विधि-विधान से हवन-पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान परिवहन मंत्री ने इसके ठीक सटे नाई समाज के राजा राम मंदिर का भी जायजा लिया। यहां समाज के लोगों की मांग पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने एक सामुदायिक भवन व अन्य सुंदरीकरण कार्य को कराने का आश्वासन दिया।
उन्होने कहा कि वनवासी भगवान श्रीराम जानकी मंदिर आजादी के पूर्व 14 नवंबर 1931 में म्युनिसिपल बोर्ड के पट्टे से प्राप्त जमीन पर लोगों के आपसी सहयोग से बनाया गया था। समय के साथ देखरेख के अभाव में मंदिर जर्जर होकर आज खंडहर में तब्दील हो गया है। हालात यह है कि मंदिर में प्रभु श्रीराम व माता जानकी टीन शेड व जर्जर भवन में रह रहे हैं। ऐसे में अब इस मंदिर को बेहतर और सुंदर बनाने के लिए शासन से डेढ़ करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत कराया गया है। इससे यहां भव्य मंदिर के साथ ही सुंदरीकरण का कार्य कराया जाएगा। उन्होने कहा कि यह पुनीत कार्य क्षेत्र की आस्था, संस्कृति एवं परंपरा को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। इस दौरान मंडल अध्यक्ष सोनी तिवारी, राजेश गुप्ता, पुना सिंह, सभासद प्रेरक गुप्ता, कमलेश सिंह, निषिद्ध श्रीवास्तव, समीप ठाकुर आदि मौजूद रहे।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सुनीं जनसमस्याएं
जिले में प्रवास के दौरान परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह अपने नारायणी टॉकीज स्थित जनसंपर्क कार्यालय पर कार्यकर्ताओं एवं आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान परिवहन मंत्री ने क्षेत्र से आए दर्जनों लोगों की समस्याओं को सुना और उनके समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसी क्रम में पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पर आए हुए क्षेत्र की जनता से भेंट कर उनकी समस्याएं सुना व उचित कार्रवाई सुनिश्चित किया।