यूपी में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बदला मौसम का रुख, अगले 2 दिन तेज हवा और बारिश का अलर्ट

Weather news: उत्तर प्रदेश सहित पूर्वांचल के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से वातावरण में नमी बढ़ गई है और आसमान में बादलों की आवाजाही तेज हो गई है। मऊ जिले की बात करें तो सुबह से ही घने बादल छाए हुए नजर आए, जिसके कारण धूप पूरी तरह गायब रही। ठंडी और नम हवाओं ने मौसम को सुहावना तो बना दिया, लेकिन लोगों को हल्की ठंड का एहसास भी होने लगा है।

इन जिलों में मध्यम बारिश दर्ज

उत्तर प्रदेश में रविवार से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर मंगलवार को भी देखने को मिला। पश्चिमी जिलों से शुरू हुई बारिश का दायरा बुंदेलखंड, मध्यांचल और अवध क्षेत्र तक फैल गया। मंगलवार तड़के बुंदेलखंड के हमीरपुर, महोबा, चित्रकूट, झांसी और ललितपुर में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या और रायबरेली में भी मध्यम बारिश हुई।

घने कोहरे की संभावना वाले इलाके

प्रदेश के देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और आसपास के इलाकों में घने कोहरे की संभावना है.

लखनऊ का मौसम

राजधानी लखनऊ में मंगलवार को सुबह के समय हुई बारिश और दोपहर के बाद खिली धूप के कारण बुधवार की सुबह घना कोहरा छाया हुआ है. विजिबिलिटी लगभग 50 मीटर पहुंच गई है.

राजधानी में मंगलवार सुबह से ही बादलों की आवाजाही रही. सुबह करीब 9 बजे काले बादल छा गए और थोड़ी ही देर बाद गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई. लगभग 1 घंटे तक बारिश होती रही. बारिश के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने से मौसम ठंडा हो गया. अधिकतम तापमान में सोमवार के मुकाबले 6 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई.

पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर जारी

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव लगातार जारी है। इन राज्यों के ऊंचाई वाले इलाकों में जैसे मनाली, गुलमर्ग, रोहतांग, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में रूक-रूककर बर्फबारी हो रही है। कई इलाकों में जहां 5-15 सेमी तक बर्फ जमा हो गई। प्रशासन ने सड़कों पर फिसलन के कारण कई हाईवे बंद कर दिए हैं।

इसे भी पढ़ें:-Gold Price Today: सोना-चांदी के दामों में जबरदस्त उछाल, जानें आज लेटेस्‍ट अपडेट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *