कल प्रयागराज आएंगे सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रेरणा पार्क का करेंगे लोकार्पण

Prayagraj: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ सोमवार को संगम नगरी जा रहे हैं। बता दे कि पहले कीडगंज क्षेत्र में यमुना किनारे प्रेरणा पार्क का लोकार्पण करेंगे, जिसके बाद तीन विभूतियों की प्रतिमाओं का लोकार्पण करते हुए नौका एकता रेस को हरी झंडी दिखाएंगे, फिर सभा को संबोधित करेंगे।

वह प्रयागराज मेला प्राधिकरण के सभागार में लोक निर्माण विभाग के नए व पुराने कार्यों की समीक्षा करेंगे।
नगर निगम द्वारा यमुना बैंक रोड स्थित कालीघाट के समीप विकसित भव्य प्रेरणा पार्क को लोकार्पण के बाद आमजन के लिए खोल दिया जाएगा।

जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष, राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के अवसर पर प्रयागराज नगर निगम द्वारा बोट क्लब परिसर में प्रेरणा स्थल पर डॉ. मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी तथा विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंहल की प्रतिमाओं का अनावरण सीएम योगी करेंगे।

एकता नौका रेस को सीएम दिखाएंगे हरी झंडी

महापौर गणेश केसरवानी ने बताया कि तीनों विभूतियां राष्ट्रसेवा, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, सामाजिक समरसता एवं जनकल्याण के प्रेरणास्रोत रहें। उनके जीवन मूल्यों एवं विचारों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रेरणा पार्क का निर्माण कराया गया है।

यह स्थल न केवल श्रद्धांजलि का केंद्र होगा, बल्कि युवाओं एवं समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्रनिर्माण के लिए प्रेरित करने वाला एक महत्वपूर्ण केंद्र भी बनेगा। प्रतिमाओं के आसपास उद्यान, प्रकाश व्यवस्था, पाथवे, बैठने की व्यवस्था, सौंदर्यीकरण एवं स्वच्छता संबंधी कार्य कराए गए हैं।

डॉ. मुखर्जी राष्ट्रीय एकता के प्रतीक हैं, इसीलिए यमुना में एकता नौका रेस प्रतियोगिता होगी, जिसे मुख्यमंत्री हरी झंडी दिखाएंगे। इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री मेला प्राधिकरण के सभागार में लोक निर्माण विभाग प्रयागराज जोन के 1553 कार्यों की समीक्षा करेंगे। इन कार्यों की लागत लगभग 2758 करोड़ रुपये है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *