UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह ‘जनता दर्शन’ में लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ‘नर सेवा-नारायण सेवा’ के भाव से जनसेवा कर रही है. ऐसे में अधिकारी सबकी समस्याओं का समाधान करते हुए जन कल्याण और नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाने के सरकार के संकल्प की पूर्ति करें. हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए.
हर पीड़ित की समस्या का समाधान
‘जनता दर्शन’ के दौरान मुख्यमंत्री कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक खुद पहुंचे और एक-एक कर सबकी समस्याएं सुनीं. सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश दिया और लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए संकल्पित है.
निर्बल को उजाड़ने वाले बख्शे न जाएं
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध कब्जा करने वाले, निर्बल लोगों को उजाड़ने वाले किसी भी सूरत में बख्शे न जाएं. उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए. यदि जमीन जायदाद से जुड़ा विवाद पारिवारिक हो तो संबंधित पक्षों को बैठाकर आपसी संवाद से निस्तारण कराने का प्रयत्न करें.
राजस्व व पुलिस से जुड़े मामलों को पूरी पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ निस्तारित करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए. जो लोग सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित हैं, उन्हें इसका लाभ दिलाया जाए.
चॉकलेट पाकर खिलखिला उठा
इस दौरान जनता दर्शन में मां के साथ आए एक बच्चे से मुख्यमंत्री ने अपनत्व के साथ बातचीत की. मुख्यमंत्री ने उसे चॉकलेट दी तो बच्चा खिलखिलाकर मुस्कुराने लगा. मुख्यमंत्री व बच्चे के बीच आत्मीय वार्तालाप देख वहां मौजूद सभी लोग आनंदित हो उठे.
इसे भी पढ़ें:-बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा, इन 6 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-UP में कैसा रहेगा मौसम?