UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को लखीमपुर खीरी जिले में 314 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने थारू जनजाति के लिए बड़ी सौगात देते हुए करीब 4 हजार परिवारों को मालिकाना हक और भूमि आवंटन पत्र प्रदान किए। वे मोहम्मदी तहसील के मियांपुर पहुंचे, जहां उन्होंने मियांपुर का नाम बदलकर रविंद्र नगर किए जाने का ऐलान किया.
सीएम ने माफियाओं को दी चेतावनी
सीएम योगी ने यूपी के लखीमपुर-खीरी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “माफिया मिट्टी में मिल चुके हैं, फिर भी कोई माफिया बनने का प्रयास करेगा, तो मिट्टी में मिलने की तैयारी भी कर ले।” सीएम योगी ने कहा कि सरकार हर गरीब के साथ खड़ी है। जन जन का कल्याण ही हमारा लक्ष्य है। बिना भेदभाव सभी को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार में विकास तेज गति से हो रहा है और हर नागरिक को उसका अधिकार और आत्मसम्मान मिल रहा है।
लखीमपुर-खीरी खेती की दृष्टि से सबसे बड़ा जिला
सीएम योगी ने कहा, “लखीमपुर-खीरी से मैं कहूंगा कि इतनी अच्छी उर्वरा भूमि, क्षेत्रफल और खेती की दृष्टि से सबसे बड़ा जिला है, इस जिले में भी कुछ ऐसा करके दिखाइए कि यहां के व्यंजनों की महक पूरे देश में दिखाई दे। आपके प्रदेश में वह सब प्राप्त हो रहा है, जिसकी प्रदेश को सालों से अभिलाषा थी।”
बिजली कनेक्शन माफ
सीएम योगी ने कहा, “प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसानों को उनका अधिकार देने की बात हो। ये सभी कार्य हो रहे हैं। हर किसान को MSP का लाभ दिया जा रहा है। ट्यूबवेल के निशुल्क कनेक्शन और बिजली कनेक्शन माफ किए गए हैं। ये तब होता है, जब सरकार में संवेदना होती है।”
गोला गोकर्णनाथ कॉरिडोर
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि गोला गोकर्णनाथ में भगवान महादेव का भव्य कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिससे यह एक बड़े तीर्थ स्थल के रूप में उभरेगा। सपा सरकार के दौरान थारू जनजाति के लोगों पर दर्ज किए गए मुकदमों को वापस लेने का आश्वासन भी मुख्यमंत्री ने दिया।
इसे भी पढ़ें:-किचन से जुड़ी इन छोटी-छोटी चीज़ों को न करें नजरअंदाज, नहीं तो बढ़ेगा खर्च और घटेगी घर की पॉजिटिविटी