11 लाख गरीब परिवारों को जल्द मिलेगा अपना घर, केंद्र सरकार ने दिया खास तोहफा

Bihar: बिहार के लाखों गरीब परिवारों को केंद्र सरकार ने खास तोहफा दिया. राज्य में 11 लाख 18 हजार 937 पक्के आवास की स्वीकृति दे दी है. इसकी जानकारी बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी. इसके लिए उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद भी दिया.

सीएम सम्राट ने एक्स पर दी जानकारी

सीएम सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा, ‘बिहार के गरीब परिवारों के अपने पक्के घर का सपना साकार करने की दिशा में आज यह एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 लाख 18 हजार 937 आवासों की स्वीकृति बिहार के लाखों परिवारों के जीवन में नई उम्मीद और खुशियों का संचार करेगी’.

जल्द ही मिलेगा अपना पक्का घर

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बिहार की पवित्र धरती पर आकर उनका मन आनंद और प्रसन्नता से भर गया है. उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के पास अब तक कच्ची छत थी, उन्हें जल्द ही अपना पक्का घर मिलेगा. इन मकानों के जरिए लाखों परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव आएगा और उनके वर्षों पुराने सपने पूरे होंगे.

गरीबों को सम्मानजनक जीवन दे रही सरकार’

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सरकार लगातार गरीबों को सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में काम कर रही है. पक्का मकान मिलने से लोगों को सिर्फ रहने की सुविधा नहीं मिलेगी, बल्कि सामाजिक और आर्थिक मजबूती भी मिलेगी.

बिहार सरकार को फसल बीमा योजना पर बधाई

शिवराज सिंह चौहान ने बिहार सरकार की प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में शामिल होने के फैसले की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि अब अगर किसानों की फसल प्राकृतिक आपदा या किसी अन्य कारण से खराब होती है तो बीमा योजना के तहत उन्हें आर्थिक सहायता मिलेगी. उन्होंने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और उनकी मेहनत को सुरक्षित करना सरकार की प्राथमिकता है. फसल नुकसान की स्थिति में बीमा कवच किसानों के लिए बड़ी राहत साबित होगा.

इसे भी पढ़ें:-सीएम योगी का सख्त निर्देश, स्कूलों की अव्यवस्था पर तय कि जाए अधिकारियों की जवाबदेही

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *