UP Weather Update: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात अकवान की दिशा उत्तर-पश्चिम की ओर होने से उत्तर प्रदेश के मौसम पर इसका असर पड़ने की संभावना है. प्रदेश में ठंड और कोहरे के बीच आज 21 नवंबर से मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है. खासतौर पर पूर्वांचल के जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है.
पश्चिमी यूपी में शुष्क रहेगा मौसम, पूर्वी यूपी में बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है. सुबह के वक्त कुछ इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है, जबकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहने और धूप निकलने के आसार हैं.इसके विपरीत पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम की गतिविधियां बढ़ सकती हैं और कई स्थानों पर बारिश हो सकती है.
पूर्वांचल के इन जिलों में बारिश की आशंका
वाराणसी, मिर्जापुर, गाजीपुर, बलिया, प्रयागराज, जौनपुर, संत रविदास नगर, आजमगढ़, मऊ, कुशीनगर, देवरिया में बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका, यलो अलर्ट जारी किया गया है.
बारिश के बाद गिरेगा पारा, बढ़ेगी ठंड
बारिश के बावजूद प्रदेश के अधिकतम तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. हालांकि, अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है.इसके बाद तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है. न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते आने वाले दिनों में सुबह और रात की ठंड बढ़ सकती है. वहीं, कोहरे और धुंध के कारण कई इलाकों में दृश्यता भी प्रभावित होने की आशंका है.
इसे भी पढ़ें:-Gold Price: सोने-चांदी की कीमतों में आई भारी गिरावट, जानिए आज का ताजा भाव