Business: दूध की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी होने जा रही है, मदर डेयरी और अमूल के बाद अब गोकुल मिल्क ने भी अपने ग्राहकों को महंगाई का झटका दिया है। गोकुल डेयरी ने भैंस के दूध की कीमत में 6 रुपये प्रति लीटर और गाय के दूध की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। दूध की नई कीमतें 21 नवंबर 2026, शनिवार से लागू होंगी, इस फैसले का सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा।
बताया जा रहा है कि दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला डेयरी यूनियन के संचालक मंडल की बैठक में लिया गया, दूध वितरकों और प्रशासन की ओर से भी कीमतें बढ़ाने की मांग की जा रही थी, इसके बाद डेयरी ने दूध की बिक्री और खरीद दोनों के दाम में बदलाव किया है।
भैंस के दूध की कीमत में 6 रुपये का इजाफा
गोकुल डेयरी ने इस बार भैंस के दूध की कीमत में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी की है। भैंस के दूध की बिक्री कीमत 6 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई गई है। वहीं, किसानों से खरीदे जाने वाले भैंस के दूध का दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाया गया है। इसके अलावा गाय के दूध की बिक्री कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। किसानों से खरीदे जाने वाले गाय के दूध का दाम भी 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाया गया है। नई दरें 21 नवंबर से लागू होंगी।
करीब 70 करोड़ रुपये के घाटे के चलते बढ़ाए दाम
जानकारी के मुताबिक, गोकुल डेयरी को करीब 70 करोड़ रुपये के आर्थिक घाटे का सामना करना पड़ रहा है। इसी घाटे को कम करने के लिए दूध की बिक्री कीमत बढ़ाने का फैसला लिया गया है। डेयरी के नए नेतृत्व के आने के बाद इसे एक बड़े फैसले के तौर पर देखा जा रहा है। इसके साथ ही डेयरी ने जनवरी में भी दूध की कीमतें बढ़ाने की संभावना से इनकार नहीं किया है, हालांकि, जनवरी में दाम बढ़ेंगे या नहीं, इस बारे में अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।