Cyclone Akvan: चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में दस्तक देने के संकेत दे दिए हैं। तूफान से जुड़े बादल उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों तक पहुंच चुके हैं। भारत मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले दो घंटों में इसके लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। इस दौरान तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने भी संभावित खतरे से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।
कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदला
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में सक्रिय भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ पिछले छह घंटों में 21 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा। इस दौरान इसकी तीव्रता में कमी आई और यह कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदल गया।
शुक्रवार सुबह 2:30 बजे तूफान का केंद्र पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में था। उस समय यह आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम से करीब 110 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और विशाखापत्तनम से 170 किलोमीटर पूर्व में स्थित था। वहीं, ओडिशा के गोपालपुर से इसकी दूरी लगभग 170 किलोमीटर दक्षिण और पुरी से 250 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम थी। इसके अलावा, यह नरसापुर से करीब 370 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व में केंद्रित था।
गोपालपुर के पास तट पार करने की संभावना
IMD के मुताबिक, तूफान उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए शुक्रवार दोपहर से पहले गोपालपुर के आसपास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटीय इलाकों को पार कर सकता है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। हवा के तेज झोंकों के साथ इसकी गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने सैटेलाइट से मिली ताजा तस्वीरों के आधार पर बताया है कि तूफान के बादल तटीय क्षेत्रों तक पहुंच गए हैं। इसका असर अब जमीन से लगे इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। अगले दो घंटों में लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू होने का अनुमान है। तूफान की दिशा और गति पर नजर रखने के लिए विशाखापत्तनम और गोपालपुर के डॉप्लर वेदर रडार लगातार निगरानी कर रहे हैं।