UP में अब शुरू होगा ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट’, CM योगी का बड़ा ऐलान

Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ODOP) और वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन (ODOC) की सफलता के बाद अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट’ को बढ़ावा देने का आह्वान किया है.मुख्यमंत्री शुक्रवार को गोमती नगर के संत गाडगे जी महाराज प्रेक्षागृह में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के 63वें स्थापना दिवस पर आयोजित ‘धरोहर’ कार्यक्रम में बोल रहे थे.

सनातन संस्कृति ने देश की आत्मा को जीवित रखा – CM योगी

CM योगी ने कहा कि भारत की संस्कृति को नष्ट कर उसे स्थायी रूप से गुलाम बनाने के बहुत षड्यंत्र हुए, लेकिन हमारी सनातन संस्कृति और लोक कलाओं ने विपरीत परिस्थितियों में भी देश की आत्मा को जीवित रखा.

उन्होंने कहा, दुनिया की तमाम संस्कृतियां मिट गईं, लेकिन तलवार और मानसिक गुलामी भी भारत की संस्कृति को नहीं मिटा सकी. हमारी लोक परंपराओं ने ही भारत के आत्मसम्मान को पीढ़ी दर पीढ़ी बचाए रखा. आजादी के बाद हमारी लोक कलाएं और वाद्ययंत्र उपेक्षित रहे, यह सिर्फ कला का लुप्त होना नहीं, बल्कि पहचान के अध्याय का खत्म होना है.

प्रधानमंत्री मोदी के पंच प्रण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए विरासत पर गर्व करना जरूरी है. सरकार काशी, अयोध्या, मथुरा और ब्रज के सांस्कृतिक केंद्रों को पुनर्स्थापित कर रही है, दीपोत्सव और देव दीपावली जैसे आयोजन दुनिया को आकर्षित कर रहे हैं.

ODOP से निर्यात 2 लाख करोड़ के पार

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी का ODOP आज धूम मचा रहा है और प्रदेश का निर्यात दो लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है. इसी तरह ODOC में भी अपार संभावनाएं हैं. अब उसी तर्ज पर हर जिले की विशिष्ट कला को पहचान दिलाने के लिए वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट को प्राथमिकता दी जाए.उन्होंने संस्कृति विभाग को निर्देश दिया कि प्रदेश भर के कलाकारों को मंच दिया जाए और हर जिले की कला को आगे बढ़ाया जाए.

युवाओं को संदेश – AI का उपयोग करो, पर माटी की सुगंध मत भूलो

युवा कलाकारों से CM ने कहा कि टेक्नोलॉजी, डिजिटल माध्यम और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का भरपूर उपयोग करो, नए प्रयोग कर दुनिया के सामने जाओ, लेकिन अपनी माटी की सुगंध, लोक धुन, गुरु की सीख और सांस्कृतिक जड़ों को कभी मत भूलो. तकनीक जीवन की सहजता के लिए है, जड़ों को तोड़ने के लिए नहीं.

अकादमी में मैनपावर की कमी होगी दूर

कार्यक्रम में शिवांश सिंह ने विचित्र वीणा, अंशुल तुकवार ने सारंगी, सोहम मिश्र ने तबला, वैभव रामदास ने पखावज और अथर्व प्रताप सिंह ने बांसुरी पर प्रस्तुति दी. मुख्यमंत्री ने इसकी सराहना की और कहा कि यह भरोसा दिलाता है कि विरासत सुरक्षित हाथों में है.इसी दौरान उन्होंने मंच से ही अपर मुख्य सचिव संस्कृति अमृत अभिजात को निर्देश दिया कि अकादमी में मानव संसाधन की कमी तत्काल दूर की जाए. बोर्ड या कमेटी बनाकर चयन करें, जरूरत हो तो उम्र में छूट दें, लेकिन पद खाली न रहें.

CM ने संगीत को परमात्मा की आराधना का मार्ग बताया और कहा कि शिव के डमरू से माहेश्वर सूत्र निकले और कृष्ण की बांसुरी व मां सरस्वती की वीणा हमें नाद से जोड़ती है. उन्होंने लखनऊ, बनारस, आगरा, रामपुर घरानों और पंडित बिरजू महाराज, गिरिजा देवी, बेगम अख्तर के योगदान को भी नमन किया.

इसे भी पढ़ें:-महंगी दाल-चावल पर सरकार सख्त, स्टॉक लिमिट लागू, अब हर हफ्ते देना होगा हिसाब

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *