Diwali Firecrackers Safety Tips: दीपावली पर पटाखे जलाते समय हाथ जलने की घटनाएं हर साल सामने आती हैं. जल्दबाजी में लोग जलन कम करने के लिए बर्फ, टूथपेस्ट, घी या तेल लगा लेते हैं, जो सबसे बड़ी गलती है. डॉक्टरों के मुताबिक गलत घरेलू उपाय से घाव और बिगड़ सकता है और इंफेक्शन का खतरा कई गुना बढ़ जाता है.
1. बर्फ या बहुत ठंडा पानी बिल्कुल न लगाएं
पटाखे से हाथ जलने पर सीधे बर्फ रगड़ना या फ्रिज का एकदम ठंडा पानी डालना त्वचा को और नुकसान पहुंचाता है.
सही तरीका क्या है?
जले हुए हिस्से को नॉर्मल नल के बहते पानी के नीचे कम से कम 20 मिनट तक रखें. पानी की धार तेज न हो. इससे जलन कम होगी और घाव गहरा नहीं होगा. पानी डालते समय शरीर के बाकी हिस्से को कंबल से गर्म रखें.
2. टूथपेस्ट, घी, तेल, हल्दी लगाना है खतरनाक
गांव-देहात में आज भी लोग जलने पर टूथपेस्ट, सरसों का तेल, घी, मक्खन या हल्दी लगा देते हैं. एक्सपर्ट्स कहते हैं ये चीजें घाव को सील कर देती हैं, गर्मी अंदर फंस जाती है और डॉक्टर को घाव देखने में भी दिक्कत होती है. अल्कोहल, डेटॉल, आयोडीन या हाइड्रोजन पेरोक्साइड भी सीधे जले पर न डालें, इससे तेज जलन और टिश्यू डैमेज होता है. बिना डॉक्टर की सलाह के कोई बर्न क्रीम न लगाएं.
3. फफोले फोड़ना और चिपके कपड़े खींचना पड़ेगा भारी
जलने के बाद छाले पड़ना आम है. उन्हें सुई या नाखून से फोड़ने से खुला घाव बन जाता है और बैक्टीरिया सीधे अंदर जाते हैं.अगर कपड़ा जलकर त्वचा से चिपक गया है तो उसे जोर से खींचकर न उतारें. अंगूठी, घड़ी, कंगन सूजन बढ़ने से पहले धीरे से निकाल दें, लेकिन चिपका हुआ कपड़ा डॉक्टर को ही निकालने दें.
4. हाथ जलने पर तुरंत क्या करें
स्टेप 1: 20 मिनट तक बहते पानी से ठंडा करें.
स्टेप 2: साफ, सूखी और नॉन-स्टिकी पट्टी से हल्के हाथ से ढकें, कसकर न बांधें.
स्टेप 3: दर्द ज्यादा हो, छाले बड़े हों, त्वचा सफेद/काली पड़ गई हो या उंगलियां हिलाने में दिक्कत हो तो तुरंत सरकारी अस्पताल या बर्न वार्ड जाएं.
इसे भी पढ़ें:-कम बजट में भी चमकेगा घर, फेयरी लाइट्स और पुरानी बोतलों से बनाएं लग्जरी लुक