आयोडीन के लिए कौन सा नमक बेस्ट? सेंधा या पिंक नहीं, ये वाला नमक है सबसे भरोसेमंद

Health care: रसोई का नमक सिर्फ स्वाद नहीं बढ़ाता, बल्कि शरीर को जरूरी आयोडीन भी देता है। आयोडीन की कमी से थायरॉइड, घेंघा और बच्चों के ब्रेन डेवलपमेंट पर असर पड़ सकता है। इसलिए नमक खरीदते समय उसका रंग या ब्रांड नहीं, बल्कि वो आयोडाइज्ड है या नहीं, ये देखना सबसे जरूरी है।

वर्ल्ड आयोडीन डेफिशिएंसी डे पर सीके बिड़ला हॉस्पिटल, गुरुग्राम के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. तुषार टायल ने बताया कि हमारा शरीर खुद आयोडीन नहीं बनाता। इसे खाने से ही पूरा करना पड़ता है और रोज के खाने में आयोडाइज्ड नमक इसका सबसे आसान तरीका है।

शरीर के लिए क्यों जरूरी है आयोडीन?
आयोडीन बच्चों की ग्रोथ, दिमाग और नर्वस सिस्टम के विकास के लिए जरूरी है। थायरॉइड ग्लैंड आयोडीन से T3 और T4 हार्मोन बनाता है, जो मेटाबॉलिज्म, बॉडी टेम्परेचर और अंगों के सही काम के लिए जिम्मेदार हैं। प्रेग्नेंसी में इसकी कमी से बच्चे के विकास पर बुरा असर पड़ सकता है। लंबे समय तक कमी रहने पर अंडरएक्टिव थायरॉइड और घेंघा हो सकता है।

कौन सा नमक है बेस्ट?

1. आयोडाइज्ड टेबल सॉल्ट – सबसे भरोसेमंद
रोज की जरूरत के लिए आयोडाइज्ड टेबल सॉल्ट सबसे अच्छा है। शर्त सिर्फ एक है – पैकेट पर ‘Iodized’ साफ लिखा होना चाहिए। इसमें प्रोसेसिंग के दौरान नियंत्रित मात्रा में आयोडीन मिलाया जाता है। स्वाद से पता नहीं चलता कि नमक में आयोडीन है या नहीं, इसलिए लेबल देखना जरूरी है।

2. पिंक हिमालयन सॉल्ट – आयोडीन का सोर्स नहीं
पिंक सॉल्ट का गुलाबी रंग ट्रेस मिनरल्स से आता है, आयोडीन से नहीं। अगर पैक पर आयोडाइज्ड नहीं लिखा है तो इसमें आयोडीन न के बराबर होता है। इसमें मौजूद मिनरल्स भी बहुत कम मात्रा में होते हैं और ये भी बाकी नमक की तरह ही सोडियम ही बढ़ाता है।

3. सेंधा नमक (रॉक सॉल्ट) – भरोसा न करें
व्रत में इस्तेमाल होने वाला सेंधा नमक आमतौर पर आयोडाइज्ड नहीं होता। अगर आप रोज के खाने में टेबल सॉल्ट की जगह सिर्फ सेंधा नमक खा रहे हैं, तो अनजाने में आयोडीन की कमी हो सकती है।

रोज कितना आयोडीन और नमक चाहिए?
एक वयस्क को रोज लगभग 150 माइक्रोग्राम आयोडीन चाहिए। प्रेग्नेंसी और ब्रेस्टफीडिंग में ये जरूरत बढ़ जाती है। WHO के मुताबिक दिन भर में कुल नमक 5 ग्राम से कम ही खाना चाहिए, जिसमें पैकेट फूड का नमक भी शामिल है।

आयोडीन दूध, दही, अंडा, सीफूड और फोर्टिफाइड फूड से भी मिलता है, लेकिन शाकाहारी लोगों को इसका खास ध्यान रखना चाहिए।

नमक को कैसे स्टोर करें?
आयोडाइज्ड नमक को हमेशा एयरटाइट डिब्बे में ठंडी और सूखी जगह पर रखें। खाना बनाते समय इसे आखिर में डालें, क्योंकि ज्यादा देर तक पकाने से आयोडीन कम हो जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *