माओवादी दंपति ने हथियारों के साथ किया आत्मसमर्पण

West Bengal: पश्चिम बंगाल में माओवादी गतिविधियों को लेकर एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है, कोलकाता पुलिस कमिश्नर ने दावा किया है कि राज्य अब पूरी तरह माओवादी मुक्त हो गया है, इसी बीच माओवादी संगठन से जुड़े दो सदस्य मंगल और मालती ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। दोनों ने अपने पास मौजूद हथियार भी पुलिस को सौंप दिए। पुलिस के अनुसार, मंगल के पास से एक एके-47 राइफल और कारतूस, जबकि मालती के पास से एक असॉल्ट राइफल बरामद हुई है।

लाल बाजार में आत्मसमर्पण

पुलिस कमिश्नर अजय नंदा ने बताया कि 2010-11 के बाद मंगल झारखंड चला गया था। इससे पहले 2010 में वह माओवादियों के संगठन में शामिल हुआ था। उस समय शालबनी में ‘जनसाधारण कमेटी’ काफी सक्रिय थी। वह माओवादी नेता किशनजी का करीबी भी रहा है। पुलिस का कहना है कि सारंडा में टिके रहना मुश्किल होने के कारण जनवरी 2026 में माओवादियों ने इलाका छोड़ना शुरू कर दिया। इस सूची में पश्चिम बंगाल के करीब 13 लोग थे, जो अलग-अलग समय पर अलग-अलग जगहों पर गिरफ्तार हुए हैं।

बंगाल के कई माओवादी कर चुके हैं सरेंडर

बता दें कि हाल ही में झारखंड से ही तीन माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है, कुछ महीने पहले कोलकाता में पुष्पा नाम की महिला माओवादी ने आत्मसमर्पण किया था, जबकि बेला को गिरफ्तार किया गया था। अब मंगल और मालती ने भी आत्मसमर्पण कर दिया है। झारखंड पुलिस ने मंगल पर 5 लाख रुपये और मालती पर 2 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। दोनों ने जनवरी 2026 के बाद इलाका छोड़ने और मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया था।

पुलिस के मुताबिक वे माओवादी नेताओं सारंगदा और आकाश के साथ जुड़े हुए थे और झाड़ग्राम इलाके में काम करते थे। फिलहाल दोनों से लाल बाजार में पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया चल रही है। पश्चिम बंगाल में माओवादी दंपति मंगल महतो (समीर) और मालती मुर्मू ने आत्मसमर्पण कर दिया है। माओवादी समूह के सक्रिय सदस्य मंगल और मालती 2010-11 से पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले से झारखंड में शिफ्ट होकर काम करते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *