Madhya Pradesh: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आगामी तीज-त्योहारों और सामाजिक एवं धार्मिक कार्यो के दौरान सभी कलेक्टर्स-एसपी विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि सुनिश्चित करें कि त्योहारों के दौरान कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप का उपयोग नहीं हों, क्योंकि लोकल मेड कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप मानव के लिए बेहद खतरनाक होती हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान पटाखों की अवैध बिक्री पर रोक लगाएं। उन्होंने कहा कि तीज-त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहतर रखने की सभी तैयारियां अभी से कर लें। सुरक्षा और आकस्मिक प्रबंधन से जुड़े विषयों पर आपसी सामंजस्य से काम करें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पटाखों की दुकानों को लायसेंस जारी करते समय सभी जरूरी शर्तों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। विक्रेताओं की दुकानों का भौतिक सत्यापन एवं निरीक्षण भी किया जाए। किसी भी स्थान पर विस्फोटक सामग्री का अवैध भंडारण न होने दें। अवैध भंडारण पाए जाने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए और प्रतिबंधित पटाखों के क्रय-विक्रय, भंडारण एवं उपयोग पर भी प्रभावी रोक लगाई जाए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कार्बाइड गन एवं कार्बाइड लैंप के उपयोग से होने वाली दुर्घटनाओं एवं संभावित जनहानि के मद्देनजर इनके उपयोग पर सख्ती से रोक लगाएं। दीपावली के दौरान संवेदनशील स्थलों पर अग्निशमन वाहनों, अग्निशमन उपकरणों एवं प्रशिक्षित स्टॉफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। प्रमुख स्थानों पर एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। निकटवर्ती अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों को पूर्व से अलर्ट रखा जाए और चिकित्सकों की ड्यूटी तय कर दी जाए।