Uttarakhand: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश में जिस तरह के हालात बनाए गए, वे लोकतंत्र के लिए खतरनाक हैं। व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास स्वस्थ लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चलाएगी। इसका पहला चरण 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगा।
आज गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस में सीएम धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस पार्टी ने 60 साल तक केंद्र और राज्यों में सरकार चलाई, उसे जनता ने बाहर का रास्ता दिखा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश को पीछे धकेलने का काम किया। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद से कांग्रेस को यह स्वीकार नहीं हो रहा है। सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस की सोच ऐसी रही है, मानो देश की सत्ता और संसद पर उसी का अधिकार हो।
लोकतंत्र की गरिमा को तार-तार किया: सीएम धामी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विपक्ष ने लोकतंत्र की गरिमा को तार-तार किया है, उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपनी हताशा दिखा रहे हैं और नेता प्रतिपक्ष के पद की मर्यादा का ध्यान नहीं रख रहे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र किसी एक दल की जीत की गारंटी नहीं है। सीएम धामी ने बताया कि अभियान के तहत 31 अक्टूबर को श्रीनगर में बड़े स्तर पर पदयात्रा निकाली जाएगी। दो नवंबर को देहरादून में विशाल पदयात्रा होगी, जिसमें 10 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की बात कही गई है। तीन नवंबर को रुद्रपुर में पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद प्रदेश के सभी 13 जिलों में पदयात्राएं होंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से गढ़े जा रहे झूठे नैरेटिव की हकीकत जनता को बताई जाएगी। वोट हटाए जाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरा तीन जगह से वोट हटाया गया। आज खटीमा में है। शुद्धिकरण किया गया। इसमें क्या बुराई है।