Uttar Pradesh: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में आज सुबह सुरक्षा जांच के दौरान यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से गोली चल गई। गोली लगने से एयरपोर्ट के दो स्टाफ घायल हो गए। महिला कर्मचारी के पैर में गोली लगी है जबकि एक गोली पुरुष स्टाफ के हाथ को छूती हुई निकल गई। दोनों को उपचार के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल भेजा गया है।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 9.30 बजे एयर इंडिया की फ्लाइट IX-1810 से यात्री पत्नी के साथ मुंबई जा रहा था। हथियार की जांच के दौरान यात्री से एक राउंड फायर हो गया, जिससे AAICLAS के दो स्क्रीनर्स घायल हो गए। दोनों को उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय पुलिस को सूचित कर दिया गया है और जांच जारी है। बता दे कि एयरपोर्ट की एक महिला कर्मचारी भी घायल हुई है। घायल खतरे से बाहर हैं।
सुरक्षा एजेंसियों ने हिरासत में लिया यात्री
प्रशासन ने बताया कि मैगजीन असलहे से अलग करना आवश्यक है। इसके लिए निर्धारित शुल्क एयरलाइंस वसूलती हैं। यात्री कमलेश राय पिस्टल की मैगजीन निकाल रहे थे, तभी ट्रिगर दब जाने से गोली चल गई। सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।