Kulgam Terror Attack: जम्मू कश्मीर के कुलगाम में एक बार फिर आतंकियों ने कायराना हरकत करते हुए शुक्रवार को प्रवासी मजदूरों पर हमला कर दिया. इस हमले में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की मौत हो गई. वहीं, हमले के बाद भाग निकले आतंकियों को पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों ने आसपास के इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है. इस घटना पर सीएम साय ने दुख व्यक्त किया है.
हमले में इनकी हुई मौत
अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों ने शुक्रवार देर शाम दक्षिण कश्मीर के केलम इलाके में स्थित ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों को निशाना बनाया. हमले में दोनों मजदूर घायल हो गए. इनमें से एक दीपक रात्रे ने अस्पताल ले जाए जाने से पहले ही दम तोड़ दिया. अधिकारियों ने बताया कि दूसरे घायल मजदूर बोपिंदर को पहले जीएमसी अनंतनाग ले जाया गया, जहां से बाद में उसे सौरा स्थित एसकेआईएमएस अस्पताल रेफर किया गया. इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई.
टीआरएफ ने ली हमले की जिम्मेदारी
पाकिस्तान समर्थित लश्कर-ए-तैयबा का ही एक हिस्सा और प्रॉक्सी माने जाने वाले संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है. सोशल मीडिया पर फैल रहे संदेशों के मुताबिक, इस समूह ने बाहरी लोगों और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों पर और हमले करने की चेतावनी दी है. खबरों के अनुसार, यही वह समूह है जिसने 22 जुलाई को अनंतनाग में पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया था. घाटी में लगभग दस दिनों के भीतर यह दूसरा बड़ा आतंकी हमला है.
घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया दुख
इस घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुख जताया और कहा कि “कश्मीर के कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक श्रमिक की दुखद मृत्यु एवं एक श्रमिक के घायल होने की खबर अत्यंत पीड़ादायक है. घायल श्रमिक का स्थानीय अस्पताल में समुचित इलाज जारी है. अधिकारियों को इस संदर्भ में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है. मृतक श्रमिक को विनम्र श्रद्धांजलि एवं घायल श्रमिक के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना.”
इसे भी पढे़ं:-Petrol Diesel Price: पेट्रोल-डीजल के नए रेट जारी, जानें महीने के पहले दिन आपके शहर में तेल सस्ता या महंगा?