Police Recruitment Exam: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार की देर रात अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान पुलिस भर्ती परीक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर वार्ता की। बैठक मे प्रदेश के सभी डीएम, कमिश्नर, आईजी, डीआईजी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीएम योगी से जुड़े। रात नौ बजे शुरू हुई इस वर्चुअल मीटिंग के दौरान सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान कोई गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए 6 जून को ही रिहर्सल कर लें। उत्तर प्रदेश में 8, 9 और 10 जून को सिपाही भर्ती परीक्षा होगी है। सिपाही भर्ती के लिए लगभग 28 लाख अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने परीक्षा को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की अफवाह, गलत सूचना या अफवाह फैलाने वालों को चिह्नित कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह तकनीकी निगरानी और पारदर्शी तरीके से चलाई जाए। परीक्षा की पूरी पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखी जाए।