UP News: उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब नहर में नहाने गए पांच युवक हादसे का शिकार हो गए. तालबेहट कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हर्षपुर में गुरुवार सुबह हुए इस हादसे में तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित निकाल लिया गया।
रिश्तेदारी में आए थे युवक
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के अशोकनगर (चंदेरी) स्थित प्राणपुर निवासी मिथुन (30), धर्मेंद्र (20) और वस्त्रावन निवासी धीरज (22) अपने परिजनों के साथ वस्त्रावन में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। धीरज के चचरे भाई की शादी थी और गुरुवार को ही बारात उन्नाव बालाजी जानी थी। बारात रवानगी से पहले ये सभी युवक हर्षपुर स्थित अपनी बहन के घर आए थे।
एक-दूसरे को बचाने में गहराया संकट
बताया जा रहा है कि नहाते समय एक युवक अचानक नहर के गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा, उसे बचाने के लिए अन्य साथी भी नहर में कूद पड़े, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण चार युवक पानी में फंस गए, घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवकों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है. उसका उपचार किया जा रहा है.
प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं. तालबेहट के उपजिलाधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नहर में डूबने से तीन युवकों की मौत हुई है. वहीं, कोतवाली प्रभारी मनोज मिश्रा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है. हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम का माहौल है.
इसे भी पढ़ें:-सम्राट कैबिनेट का हुआ विस्तार, निशांत-विजय समेत 32 ने ली मंत्री पद की शपथ, देखें पूरी लिस्ट