Dehradun: पीएम नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार, 14 अप्रैल को बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कर दिया. छह लेन वाला और 213 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे 12,000 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से तैयार किया गया है. एक्सप्रेसवे तीन राज्यों- दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से होकर गुजरता है. इसके उद्घाटन से दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा का समय छह घंटे से अधिक से घटकर लगभग ढाई घंटे हो जाएगा.
इस उद्घाटन कार्यक्रम में देहरादून से सीएम धामी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री जबकि यूपी से राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, सीएम योगी, सूबे के दोनों डिप्टी सीएम और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहे. इसके अलावा दिल्ली से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे.
देहरादून में बोले PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून में अपने संबोधन की शुरुआत देर से पहुंचने के लिए माफी मांगते हुए की. उन्होंने कहा कि वे समय पर ही रवाना हुए थे, लेकिन काली मंदिर से कार्यक्रम स्थल तक करीब 12 किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान जनता का उत्साह और उमंग इतनी अधिक थी कि तेज गति से आगे बढ़ना संभव नहीं हो पाया.
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मैं आप सभी से क्षमा चाहता हूं कि यहां पहुंचने में मुझे एक घंटे से ज्यादा की देरी हो गई. रास्ते में लोगों का जोश और स्नेह देखते हुए मैं धीरे‑धीरे आगे बढ़ता रहा और जनता का अभिवादन करता रहा.’
‘जनता का आशीर्वाद लेकर जा रहा हूं’
पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता के स्नेह और समर्थन ने उन्हें नई ऊर्जा दी है. उन्होंने कहा, ‘मैं आज उत्तराखंड से नई ऊर्जा और नई प्रेरणा लेकर जा रहा हूं. आप सभी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं.’ प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोग लगातार तालियों और नारों के जरिए उनका स्वागत करते नजर आए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे राष्ट्र की भाग्य रेखाएं सड़कें, एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट हैं. ये सभी हमारे देश को विकास की एक नई राह पर लेकर जा रहे हैं.
दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन
यह कॉरिडोर आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ‑साथ पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है. परियोजना में मानव‑वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. इस इकोनॉमिक कॉरिडोर की सबसे बड़ी खासियत है 12 किलोमीटर लंबा वाइल्डलाइफ एलिवेटेड कॉरिडोर, जो एशिया के सबसे लंबे ऐसे कॉरिडोरों में से एक है. इसके जरिए वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की गई है. सरकार का कहना है कि यह परियोजना उत्तर भारत में कनेक्टिविटी, पर्यटन और आर्थिक विकास को नई गति देगी, साथ ही पर्यावरण संरक्षण का भी एक मजबूत उदाहरण बनेगी.
सीएम धामी ने पीएम मोदी से किया 2027 में जीत का वादा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज जब आप पुनः उत्तराखंड आए हैं, तो 12,000 करोड़ रुपए की लागत से बने एशिया के सबसे लंबे एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर की सौगात लेकर आए हैं. इसके लिए उत्तराखंड के सभी प्रदेश वासियों की ओर से मैं आपका हृदय तल से आपका धन्यवाद करता हूं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आपके नेतृत्व में, मार्गदर्शन में उत्तराखंड देश का श्रेष्ठ राज्य बनने के अपने विकल्प सहित संकल्प को पूरा करने के लिए विकास भी और विरासत भी की अवधारणा के अनुरूप प्रत्येक क्षेत्र में काम कर रहा है और मैं आपको पूरा विश्वास दिलाता हूं हम आपके नेतृत्व में अपने इस लक्ष्य को प्राप्त करने में अवश्य सफल रहेंगे.
इसे भी पढ़ें :-यूपी-बिहार समेत 8 राज्यों में लू की चेतावनी, तापमान में धीरे-धीरे 3-5°C की होगी बढ़ोतरी