UP News: उत्तर प्रदेश के शामली में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दिल्ली के ओखला निवासी 50 हजार रुपये का इनामी रिहान मारा गया. जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया. बदमाश की फायरिंग में शामली कोतवाली पर तैनात सिपाही सुमित बैंसला को गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया. घायल रिहान को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
लूट की घटना के बाद बदमाशों की तलाश में थी पुलिस
शामली एसपी एनपी सिंह ने मामले में कहा कि गुरुवार रात करीब 9 बजे बाबरी इलाके में बाइक सवार दो बदमाशों ने फतेहपुर के रहने वाले राहुल से नकदी और मोबाइल फोन की लूट की. घटना की सूचना मिलते ही बदमाशों की तलाश शुरू की गई. देर रात करीब 12:30 बजे कोतवाली पुलिस और आदर्श मंडी पुलिस पूर्वी यमुना नहर पर बदमाशों की तलाशी में जुटी थी. वाहनों की जांच की जा रही थी.
जवाबी कार्रवाई में अपराधी को लगी गोली
इसी दौरान बाइक से बदमाश आते दिखे. उन्होंने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी. एसपी ने बताया कि बदमाशों की फायरिंग में सिपाही सुमित बैसला गोली लगने से घायल हो गए. इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. इस क्रम में एक बदमाश को गोली लगी. वहीं, उसका साथी मौका देख फरार हो गया. घायल रिहान को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
90 से अधिक मुकदमे हैं दर्ज
एसपी ने कहा कि बदमाश दिल्ली के ओखला नगर निवासी रिहान था. झिंझाना थाने से वह दिसंबर से वांटेड था. उस पर 90 मुकदमे दर्ज हैं. मृतक बदमाश रिहान पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था. बदमाश के पास से दो पिस्टल बरामद हुई है, जिनमें से एक मेड इन इटली है. वहीं, दूसरी पिस्टल देसी है. 08 जिन्दा व 07 खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटर साईकिल स्पलेण्डर रंग काला बिना नम्बर प्लेट, लूटा गया मोबाईल ओप्पो व 02 अन्य मोबाईल, लूटी गयी 02 अंगूठी, लूटी गयी नगदी बरामदगी की गई है.
इसे भी पढ़ें:-आखिर क्यों समुद्र के किनारे चलती है स्वच्छ हवाएं, नेचुरल एयर प्यूरीफायर कैसे करता है काम