Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में रेलवे नेटवर्क तेजी से विस्तार की ओर बढ़ रहा है. केंद्र सरकार ने रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए राज्य को वर्ष 2025-26 के बजट में 7,470 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है. यह राशि 2009-14 के औसत 311 करोड़ रुपये की तुलना में करीब 24 गुना अधिक है. इस ऐतिहासिक निवेश से प्रदेश में चल रही 51,080 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं को नई गति मिलेगी.
छत्तीसगढ़ में रेलवे सेवाओं का विकास- सीएम साय
मुख्यमंत्री ने कहा कि परमलकसा–खरसिया कॉरिडोर के साथ-साथ नए फ्रेट कॉरिडोर को भी स्वीकृति प्रदान की गई है. इन परियोजनाओं से आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में यात्री गाड़ियों की संख्या आने वाले समय में लगभग दोगुनी हो जाएगी.
उन्होंने कहा कि अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत राज्य के 32 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जिनमें डोंगरगढ़ (फेज-I), अंबिकापुर, भानुप्रतापपुर, भिलाई और उरकुरा जैसे स्टेशन पूर्ण हो चुके हैं. इसके साथ ही राज्य में वंदे भारत एक्सप्रेस की 2 जोड़ी तथा अमृत भारत एक्सप्रेस की 1 जोड़ी सेवाएं यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक रेल सुविधा प्रदान कर रही हैं.
नवीन रेल परियोजनाओं से विकास- सीएम साय
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि साल 2014 से अब तक लगभग 1,200 किलोमीटर नए रेल ट्रैक का निर्माण, 100 प्रतिशत विद्युतीकरण, 170 फ्लाईओवर/अंडरपास तथा ‘कवच’ जैसी आधुनिक सुरक्षा प्रणालियों की स्थापना से रेल सुविधा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को इन युगांतकारी पहलों के लिए हृदय से धन्यवाद दिया है. उन्होंने कहा कि यह विकास केवल रेल पटरियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे प्रदेश के व्यापार, पर्यटन, उद्योग, रोजगार और आमजन के जीवन में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है.
‘डबल इंजन’ सरकार का बड़ा तोहफा: सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस निवेश को राज्य के लिए ‘डबल इंजन’ सरकार का बड़ा तोहफा बताया. उन्होंने कहा कि रेलवे में हो रहा यह ऐतिहासिक निवेश छत्तीसगढ़ को रेल सुविधाओं के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करेगा.
मुख्यमंत्री ने बताया कि नए ट्रैक, स्टेशन कायाकल्प और आधुनिक ट्रेनों के माध्यम से प्रदेश में रेल यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जा रहा है.
बस्तर को नई राह, दोगुनी होंगी ट्रेनें
मुख्यमंत्री ने कहा कि रावघाट–जगदलपुर रेल प्रोजेक्ट, परमलकसा–खरसिया कॉरिडोर और नए फ्रेट कॉरिडोर की स्वीकृति से आने वाले समय में प्रदेश में यात्री ट्रेनों की संख्या लगभग दोगुनी हो जाएगी.
अमृत स्टेशन योजना: 32 स्टेशनों का कायाकल्प
अमृत स्टेशन योजना के तहत प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों का 1,674 करोड़ रुपये से आधुनिकीकरण किया जा रहा है. डोंगरगढ़ और अंबिकापुर जैसे स्टेशन पहले ही तैयार हो चुके हैं. राज्य में वंदे भारत और अमृत भारत एक्सप्रेस जैसी आधुनिक ट्रेनें चल रही हैं. साथ ही, ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली और शत-प्रतिशत विद्युतीकरण से रेल सफर पहले से ज्यादा सुरक्षित और सुगम हो गया है.
इसे भी पढ़ें:-संसद भवन में NDA सांसदों की बैठक शुरू, पीएम मोदी भी मौजूद