84 लाख योनियों मे मानव योनि सर्वश्रेष्ठ: पंकज जी महाराज

Ghazipur: अच्छे समाज के निर्माण व भगवान की भक्ति की भावना जगाने के लक्ष्य के साथ जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था, मथुरा से संत पंकज जी महाराज के सानिध्य में निकली 83 दिवसीय जनजागरण यात्रा जिला गाजीपुर अन्तर्गत गतिमान है। इसी क्रम में मंगलवार सायंकाल इसके थाना नंदगंज के ग्राम किशोहरी में पहुंचने पर यात्रा का भव्य स्वागत हुआ। आज यहां अपने सत्संग सम्बोधन में पंकज जी महाराज ने कहा कि चौरासी लाख योनियों में मानव योनि सर्वश्रेष्ठ है। क्योंकि इसके अन्दर प्रभु की प्राप्ति का रास्ता है, जिसका भेद सन्त-महात्मा जानते हैं।

जीवात्मायें शरीर छोड़कर जब नर्कों की सजा पाती हैं तो हाय-हाय करके चिल्लाती हैं, कोई वहां बचाने वाला नहीं मिलता। रामायण में भी इसका प्रमाण मिलता है‘‘ साधन धाम मोक्ष कर द्वारा, पाइ न जे परलोक संवारा। इसलिये भाई-बहनों! आप चेत कर किसी जगे हुए जिन्होंने साधना करके अपनी आत्मा को परमात्मा से जोड़ लिया हो, ऐसे सन्त महात्मा से कलयुग की सरल साधना सुरत शब्द योग का रास्ता लेकर भजन कर लें। यही भजन ही जीवात्मा के साथ जाने वाला है, बाकी सारा सामान आपका यहीं धरा रह जायेगा। महात्माओं ने कलयुग में तीन साधना का वर्णन किया है। ‘‘कलयुग तीन सार उन बरने और साधन सब थोथे जान।’’ पहला है-सुमिरन, दूसरा है-ध्यान और तीसरा है-भजन। पंकज महाराज ने तीनों क्रियाओं का भेद विस्तार से समझाया।

परम संत बाबा जयगुरुदेव महाराज ने आध्यात्मिक शक्ति का सहारा देकर करोड़ों लोगों को भगवान की भक्ति में लगाया। समाज में बढ़ रही हिंसा और अपराध का वातावरण चिंता का विषय है। इस पर सबको गंभीरता से विचार करना चाहिये। भगवान की भक्ति के लिये सबसे पहले मानव धर्म अपनाने की जरूरत है। जब मानव में एक-दूसरे के प्रति सेवा और दया का भाव आ जायेगा तो निश्चित है समय बदल जायेगा। उन्होंने बाबा जयगुरुदेव महाराज की सन् 70 के दशक में की गई भविष्यवाणियों की तरफ संकेत करते हुए कहा ‘‘पत्ता-पत्ता झुलस उठेगा एटम के अंगारों से धरती का सारा आंगन लाशों से पट जायेगा। महाशक्तियां दुनियां भर की मिट्टी में मिल जायेंगी, तब क्रूर विधर्मी मानव की अक्ल ठिकाने आयेगी।’’ इसलिये समय से अपने अंदर बदलाव लायें। शाकाहार-सदाचार अपनायें।

इस अवसर पर इन्द्रदेव यादव, चन्द्रदेव यादव, अविनाश यादव, शिवनारायण चौहान, बिखुरी बिंद, अमरदेव यादव, अंगद पाल, मुसाफिर यादव, रमेशचन्द, सहयोगी संगत हरदोई के शेरबहादुर सिंह आदि मौजूद रहें। शान्ति व्यवस्था में पुलिस प्रशासन ने सहयोग किया। कार्यक्रम के बाद जनजागरण यात्रा अगले पड़ाव ग्राम मठिया रामशाला ब्लाक देवकली के लिये प्रस्थान कर गई। यहां आज दोपहर 12 बजे से सत्संग समारोह आयोजित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *