शर्तों के साथ खुली भारत-नेपाल सीमा

उत्तराखंड। नेपाल प्रशासन ने कुछ शर्तों के साथ भारतीय वाहनों समेत अन्य विदेशियों के लिए अपनी सीमा खोल दी है। इसलिए रविवार को कुछ निजि वाहनों से भारतीय पर्यटक नेपाल गए। इससे बनबसा के व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। कोरोना के कारण भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा के तहत 23 मार्च 2020 को सील कर दी गई थी। भारत सरकार ने नेपाली नागरिकों के लिए मार्च 2021 में सीमा खोल दी थी। कोविड जांच करवाने या आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट दिखाने पर नेपाली नागरिकों को भारत में आने दिया जा रहा था, लेकिन नेपाल सरकार के एप में पंजीकरण करा कोरोना निगेटिव रिपोर्ट दिखाने पर ही नेपाल में आने दिया जा रहा था। नेपाली एप में पंजीकरण कराना कठिन होने के कारण कम ही लोग नेपाल जा सके। वाहनों को ले जाने की भी अनुमति नहीं थी। इसी परेशानी के कारण कम भारतीय नागरिक नेपाल जा पाए। नेपाल सरकार के निर्देश पर नेपाल प्रशासन ने दो अक्तूबर से भारतीयों को वाहनों समेत नेपाल में प्रवेश की अनुमति दे दी लेकिन कंचनपुर जिले में लिखित सरकार आदेश मिलने में देरी के कारण नेपाल प्रशासन दुविधा में था। शाम को सरकारी निर्देश मिलते ही कंचनपुर जिला प्रशासन ने भारतीय वाहनों के लिए सीमा खोल दी। भारतीय इमिग्रेशन चेकपोस्ट अधिकारी इंद्र सिंह ने बताया कि नेपाली एप में पंजीकरण करा 72 घंटे की आरटीपीसीआर रिपोर्ट दिखाने पर ही वाहनों समेत लोगों को नेपाल में प्रवेश मिल सकेगा। पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष भरत भंडारी ने नेपाल प्रशासन से भारतीय नागरिकों को सहजता से नेपाल में प्रवेश दिलवाने की मांग की है। उन्होंने भारत की भांति दो टीके लगे होने के प्रमाण पर वाहनों के साथ नेपाल जाने की छूट मांगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *