शरीर के लिए आवश्‍यक है Vitamin-K

हेल्‍थ। स्वस्थ और फिट रखने के लिए शरीर को कई प्रकार के पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है। इसी कारण स्वास्थ्य विशेषज्ञ रोजाना ऐसा  भोजन करने की सलाह देते हैं जो शरीर की इन आवश्यकताओं की आसानी से पूर्ति कर सके। शरीर के सभी अंगो को स्वस्थ रखने और संपूर्ण शरीर को सुचारु रुप से काम करते रहने के लिए विटामिन्स, खनिज और माइक्रोन्यूट्रिएंट्स की आवश्‍यकता होती है।

विटामिन्स की आवश्यकताओं में अक्सर हम विटामिन सी-डी की जरूरतों और इसकी कमी से होने वाली समस्याओं के बारे में सुनते हैं, पर सिर्फ इन्हीं विटामिन्स से काम नहीं चलता। विशेषज्ञों के अनुसार, शरीर को बेहतर ढंग से काम करने के लिए विटामिन-के की भी उतनी ही आवश्यकता होती है जितनी कि अन्‍य विटामिन्‍स की।

रक्त के जमाव की प्रक्रिया में विटामिन-के की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। रक्त का थक्का जमने की प्रक्रिया शरीर के अंदर और बाहर अत्यधिक रक्तस्राव को रोकने में मदद करती है। विटामिन-के, हड्डियों को बढ़ने और उन्हें स्वस्थ रखने के लिए भी आवश्यक होता है। आइए जानते हैं कि शरीर में विटामिन-के की कमी के कारण किस तरह की समस्याएं हो सकती हैं

दैनिक रूप से विटामिन-के की जरूरत:-
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, सभी उम्र के लोगों को रोजाना विटामिन-के वाली चीजों का सेवन करते रहना चाहिए। पुरुषों के लिए 120 माइक्रोग्राम और महिलाओं के लिए 90 एमसीजी की मात्रा में रोजाना इस पोषक तत्व की आवश्यकता होती है। आहार के साथ फूड सप्लीमेंट्स के माध्यम से शरीर की इन जरूरतों को आसानी से पूरा किया जा सकता है।

विटामिन-के की कमी से होने वाली समस्याएं:-

शरीर में विटामिन-के की कमी के कारण कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। इसमें चोट लगने पर अधिक रक्तस्राव का जोखिम होता है। कुछ संकेतों के माध्यम से शरीर में होने वाले अत्यधिक रक्तस्राव के लक्षणों की पहचान की जा सकती है-

  1. आसानी से चोट लगना।
  2. नाखूनों के नीचे दिखाई देने वाले रक्त के थक्के।
  3. मल का रंग गहरा काला होना या मल से खून आना।
  4. चोट लगने बाद आसानी से रक्तस्राव  ठीक न हो पाना।

विटामिन-के की कमी कैसे दूर करें?

सामान्यत: विशेषज्ञ विटामिन-के की दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए स्वस्थ और पौष्टिक चीजों के अधिक सेवन पर जोर देते हैं। हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे पालक, केल, लेट्यूस और ब्रोकली, वनस्पति तेल, मांस-पनीर, अंडे, चने और सोयाबीन आदि में इस विटामिन की पर्याप्त मात्रा मौजूद होती है। आहार में इन चीजों को शामिल करके आसानी से इस विटामिन की आवश्यकताओं को पूरा किया जा सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *