ये आदतें हड्डियों को समय से पहले कर देती हैं कमजोर…

हेल्‍थ। हड्डियों का स्वस्थ रहना शारीरिक संरचना और संतुलन को बेहतर बनाए रखने के लिए अति आवश्यक माना जाता है। हड्डियों में होने वाली किसी भी तरह की समस्या पूरे सेहत को प्रभावित करता है। अगर हड्डियों में किसी प्रकार की समस्या है तो यह सामान्य जीवनशैली के कामकाज तक को प्रभावित कर सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ हर किसी को हड्डियों को स्वस्थ रखने की सलाह देते हैं।

हड्डियों की समस्या को कुछ वर्षों पहले तक बढ़ती उम्र के साथ होने वाली दिक्कतों के रुप में देखा जाता था। लेकिन पिछले कुछ वर्षों से कम उम्र के लोगों में भी इस तरह की दिक्कतों को देखा जा रहा है।

विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में लोगों में आहार और जीवनशैली की गड़बड़ आदतों ने कम उम्र में ही हड्डियों से संबंधित खतरों को बढ़ा दिया है। यही कारण है कि ज्यादातर लोगों में 30 साल की उम्र तक पहुंचते-पहुंचते हड्डी के द्रव्यमान में कमी की समस्या देखी जा रही है।

आगे चलकर ये स्थितियां ऑस्टियोपोरोसिस या आर्थराइटिस जैसी समस्याओं के खतरे को बढ़ा देती हैं। हड्डियों को स्वस्थ रखने में आहार की विशेष भूमिका होती है, ऐसे में सभी को स्वस्थ और पौष्टिक चीजों के सेवन पर अधिक ध्यान देना चाहिए। आइए जानते हैं कि दैनिक जीवन और खान-पान की कौन सी खराब आदतें हड्डियों की समस्या को बढ़ा देती हैं-

शारीरिक निष्क्रियता के नुकसान

शारीरिक निष्क्रियता के कारण शरीर पर कई प्रकार के दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं, हड्डियों की समस्याएं भी इनमें से एक हैं। एक ही स्थान पर बहुत देर तक बैठे रहने या फिर घर के अंदर रहने की आदत आपके लिए परेशानियां बढ़ा सकती है। इस आदत के कारण आपका सूर्य के प्रकाश से संपर्क भी कम हो जाता है।

सूरज की रोशनी विटामिन-डी का  अच्छा स्रोत है, जो कैल्शियम के अवशोषण के लिए आवश्यक है। ऐसे में घर से बाहर न जाने की आदत भी आपकी हड्डियों के लिए नुकसानदायक हो सकती है।

बहुत अधिक प्रोटीन का सेवन:-

मांसपेशियों को स्वस्थ रखने और शरीर को बेहतर ढंग से काम करने के लिए प्रोटीन वाली चीजों का सेवन करना बहुत आवश्यक माना जाता है।  लेकिन यदि आप प्रोटीन का सेवन बहुत अधिक मात्रा में करते हैं तो इससे हड्डियों को नुकसान भी हो सकता है। बहुत अधिक मात्रा में प्रोटीन वाली चीजों के सेवन की स्थिति में शरीर को अधिक मात्रा में कैल्शियम का उत्सर्जन करना पड़ता है जिससे हड्डियों को यह आवश्यक खनिज पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पाता है। कैल्शियम की कमी हड्डियां कमजोर हो जाती है।

धूम्रपान और सोडियम का अधिक सेवन:-
क्या आप जानते हैं सोडियम का अधिक सेवन हड्डियों को नुकसान पहुंचता है। सोडियम के साथ-साथ धूम्रपान को भी हड्डियों के लिए नुकसानदायक माना जाता है।  शोध के अनुसार, धूम्रपान करने वाली महिलाओं में एस्ट्रोजन हार्मोन का उत्पादन कम हो जाता है जिससे समय पहले रजोनिवृत्ति हो सकती है। यह स्थिति आपमें ऑस्टियोपोरोसिस जैसे हड्डियों के तमाम रोगों के जोखिम को बढ़ा देती है।

हड्डियों को स्वस्थ रखने के लिए क्या करें?

  • हरी सब्जियों का सेवन करें।
  • नियमित रूप से योग-व्यायाम की आदत बनाएं।
  • कैल्शियम और विटामिन-डी वाली चीजों का सेवन करें।
  • शराब-धूम्रपान से हड्डियों को नुकसान पहुंचता है, इससे परहेजकरें।
  • हड्डियों को स्वस्थ रखने के लिए सूर्य के संपर्क में रहने की कोशिश करें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *