दिल्‍ली में जल्‍द ही दस्‍तक देगा मानसून…

नई दिल्‍ली। दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत में बारिश होने से गर्मी से राहत मिली है। विभिन्‍न हिस्सों में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण तापमान में कमी आई है। लेकिन, अभी तक यहां मानसून ने दस्तक नहीं दी है, लेकिन प्री-मानसून आने के कारण मौसम सुहाना हो चुका है। इस बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर सुनाई है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। वैज्ञानिकों ने बताया कि, दक्षिणी-पश्चिम मानसून मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, बंगाल की खाड़ी समेत ओडिशा में आगे बढ़ गया है।

इसके अलावा झारखंड, बिहार और दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों की ओर भी मानसून आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि, अगले पांच दिनों में पश्चिमी तट पर मूसलाधार बारिश हो सकती है। इसके अलावा उत्तर, मध्यम और पूर्वी भारत के राज्यों में भी तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना है।

दिल्ली में कब आएगा मानसून:- 
मौसम वैज्ञानिकों ने पहले अनुमान लगाया था कि, दिल्ली में मानसून 25 जून तक पहुंचेगा। लेकिन, अब यह अपने सामान्य समय पर ही राजधानी से टकराएगा। आईएमडी के मुताबिक, मानसून 27 जून के आसपास दिल्ली पहुंचेगा। वैज्ञानिकों ने बताया कि, दिल्ली में फिलहाल प्री मानसूनी गतिविधियां बनी हुई हैं। मंगलवार को हल्की बारिश हो सकती है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *