भानगढ़ जाने से पहले जान लें ये बातें…

यात्रा। भारत में कई ऐसी जगहें हैं जो डरावनी और भुतहा हैं, जिनसे जुड़े कई रहस्य मशहूर हैं। लोग इन डरावनी जगहों पर जाना पसंद करते हैं। यहां का माहौल और रहस्यमयी कहानियां लोगों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। यहां कुछ ऐसी हरकतें होती हैं, जिसे वैज्ञानिक भी समझ नहीं पाते।

इन्हीं डरावनी और रहस्यमयी जगहों में से एक है ‘भानगढ़’। भानगढ़ का किला दुनियाभर में मशहूर है। वहीं भानगढ़ को एशिया की सबसे डरावनी जगहों में से एक माना जाता है। कुछ लोग भानगढ़ के किले को भुतहा कहते हैं तो कई लोग इस जगह को खतरनाक बताते हैं।

हालांकि जिन्हें रोमांचक सफर पर जाना पसंद है, वह राजस्थान में स्थित भानगढ़ के किले को घूम सकते हैं। भानगढ़ के किले को देश का सबसे भुतहा जगह घोषित किया गया है। शाम होने के बाद किले मे रहना प्रतिबंधित है। चलिए जानते हैं भानगढ़ के किले को क्यों कहा जाता है सबसे रहस्यमयी-

भानगढ़ के किले का सफर :-
राजस्थान में स्थित भानगढ़ के किले में आपको राजसी वास्तुकला का नमूना देखने को मिलेगा। लोग यहां कि ऐतिहासिकता देखने के लिए आते हैं। लेकिन भानगढ़ की राजसी ठाट से ज्यादा लोगों का ध्यान वहां के अजीब एहसास पर होता है।

कभी-कभी लोगों ऐसा लगता है मानो कोई उनका पीछा कर रहा हो। एक खास बात यह भी है कि अपने अंदर डरावने एहसास को छुपाए रखे इस किले में लोग लंबे समय तक ठहर नहीं पाते। शाम होने से पहले लोगों को भानगढ़ के किले से बाहर निकल जाना होता है। शाम के बाद यहां रुकना मना होता है।

भानगढ़ के किले की कहानी:-
भानगढ़ के किले से जुड़ी कुछ कहानियां हैं। माना जाता है कि, भानगढ़ का किला शापित हैं। इसे गुरु बालू नाथ नाम के साधु ने श्राप दिया था। मान्य़ता है कि जब इस किले का निर्माण होना शुरु हुआ, तब एक साधु महाराज वहां पर ध्यान लगाकर बैठे थे।

राजा ने उनसे अनुरोध किया कि वह यहां किला बनवाना चाहते हैं। साधु ने किला बनाने की इजाजत देते हुए शर्त रखी कि किले की छाया उन्हें न छुए। राजा ने हामी भर दी लेकिन जब किला बनकर तैयार हुआ तो उसकी छाया साधु पर पड़ गई। इससे नाराज होकर साधु ने श्राप दे दिया। कहा जाता है कि साधु के श्राप से पूरा गांव नष्ट हो गया था।

भानगढ़ को डरावना क्यों कहते हैं?
भानगढ़ के किले से जुड़े ऐसे कई किस्से हैं जो इसे भुतहा बताते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, एक बार तीन लड़कों ने सूर्यास्त के बाद भानगढ़ के किले में रहने का फैसला लिया। वह किले की वास्तविकता जानना चाहते थे। लेकिन उस शाम कुछ ऐसा हुआ कि एक लड़का कुएं में गिर गया।

किसी तरह अन्य दो ने उसे बाहर निकालकर जान बचाई। सभी भानगढ़ से निकल कर भागे लेकिन इस दौरान तीनों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।

भानगढ़ के किले में रात में रहने पर रोक क्यों?

इस तरह के किस्सों के बाद भानगढ़ के किले के अंदर रात में रहना प्रतिबंधित है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने एक बोर्ड लगाकर चेतावनी दी है कि भानगढ़ किला परिसर में सूर्यास्त के बाद से सूरज उगने तक न रहा जाए। कहा जाता है कि जो कोई भी आजतक रात में किले के अंदर रहने में कामयाब रहा, वह वहां की कहानी बताने लायक नहीं रहा। इसी वजह से माना जाता है कि इस किले में भूत रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *