असम में बाढ़ से मचा कोहराम, अब तक 108 लोगों की मौत

असम। असम में बाढ़ और भूस्खलन का कहर जारी है। बाढ़ से पिछले 24 घंटों में दो बच्चों सहित 7 लोगों की मौत हो गई। बचावकर्मियों द्वारा अबतक 2 लाख 84 हजार 875 लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। प्रदेश के 30 जिले भीषण बाढ़ की चपेट में है।  आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार अबतक  बाढ़ से 108 लोगों की जान जा चुकी है। पीएम नरेंद्र मोदी लगातार असम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘पिछले कुछ दिनों में असम के कुछ इलाकों में भारी बारिश के कारण बाढ़ आ गई है। केंद्र सरकार असम में स्थिति की लगातार निगरानी कर रही है। इस चुनौती से निपटने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है।’

असम में नागौन जिले के 155 गांव अब भी जलमग्‍न हैं। घरों में पानी घुसने से लोग हाईवे के किनारे तंबू लगाकर रहने को मजबूर हैं। सैकड़ों लोगों को अपना घर बार छोड़कर हाईवे व सड़कों के किनारे तंबू लगाकर रहना पड़ रहा है। पानी की निकासी नहीं होने से जल्द हालात सुधरने के आसार भी नहीं हैं। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बीते दिनों इलाके का दौरा कर हालात का जायजा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *