आंध्र प्रदेश और ओडिशा पर मडराने लगा है चक्रवाती तूफान का साया…

भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव के कारण आंध्र प्रदेश और ओडिशा पर चक्रवाती तूफान का साया मडराने लगा है। दरअसल बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती संरचना विकसित हो रही है, जो चार दिसंबर यानी शनिवार के आसपास आंध्र प्रदेश-ओडिशा तट तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक आंध्र प्रदेश और ओडिशा के समुद्री तटों से शनिवार तक जवाद तूफान टकरा सकता है। बंगाल की खाड़ी में हो रही हलचल के कारण मौसम विभाग ने आज से चार दिनों तक इन राज्यों में लगातार भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है। इसके अलावा मौसम विभाग ने मुंबई में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है। मौसम विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि थाईलैंड और उसके आसपास के क्षेत्रों में बुधवार की सुबह साढ़े आठ बजे कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इस दबाव क्षेत्र के अगले 12 घंटों में अंडमान सागर तक पहुंचने की संभावना है। इसके बाद यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए दो दिसंबर तक दक्षिण-पूर्व तथा पास के बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग में पहुंच सकता है। इसके बाद चार दिसंबर, शनिवार की सुबह उत्तरी आंध्र प्रदेश-ओडिशा के तटवर्ती क्षेत्रों से टकराने की संभावना है। वहीं इस कम दबाव के कारण ओडिशा के तटवर्ती क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी और अति भारी बारिश होने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *